बगदाद: इराक के प्रधानमंत्री अली अल-जैदी आधिकारिक दौरे पर बहरैन की राजधानी मनामा पहुंचने के लिए बगदाद से रवाना हो गए हैं। वह एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल के साथ बहरीन पहुंचे हैं। इस दौरान दोनों देशों के बीच राजनीतिक और आर्थिक संबंधों को मजबूत करने के साथ क्षेत्रीय हालात पर भी चर्चा होगी। इराक के प्रधानमंत्री कार्यालय ने इस दौरे की जानकारी दी है।
इराकी सरकार के प्रवक्ता हैदर अल-उबूदी ने बताया कि प्रधानमंत्री का यह दौरा इराक की संतुलित विदेश नीति और दूसरे देशों के साथ संबंधों को विस्तार देने की कोशिशों का हिस्सा है। इराक अरब देशों के साथ संबंध मजबूत करने और क्षेत्रीय सुरक्षा एवं स्थिरता के लिए सहयोग बढ़ाना चाहता है।
उन्होंने बताया कि मनामा में प्रधानमंत्री अली अल-जैदी की बहरैन के तानाशाह हमद बिन ईसा अल खलीफा से मुलाकात होगी। इस दौरान दोनों देशों के बीच राजनीतिक और आर्थिक सहयोग पर बातचीत की जाएगी। इसके अलावा क्षेत्रीय घटनाक्रम, तनाव कम करने के तरीकों और राजनीतिक समाधान को समर्थन देने जैसे मुद्दों पर भी चर्चा होगी।
इराकी सरकार के प्रवक्ता ने कहा कि यह दौरा प्रधानमंत्री की क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय यात्राओं की कड़ी का हिस्सा है। इससे पहले वह वॉशिंगटन, अंकारा, तेहरान, पेरिस, बर्लिन, दोहा, रियाज़, अम्मान और दमिश्क का दौरा कर चुके हैं।
रिपोर्ट के अनुसार, अली अल-जैदी की नई क्षेत्रीय यात्रा में कुवैत और बहरैन सहित कई देश शामिल हैं। इन दौरों में राजनीतिक, सुरक्षा और आर्थिक मुद्दों पर बातचीत की जा रही है।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री अली अल-जैदी ने हाल ही में अम्मान और दमिश्क का आधिकारिक दौरा किया था। इन यात्राओं के दौरान दोनों देशों के साथ कई समझौता ज्ञापनों और सहयोग समझौतों पर हस्ताक्षर भी किए गए थे।
आपकी टिप्पणी